कच्छ (गुजरात)। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से जुड़े दो सैन्य परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो सेना के जवान, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे में तीन महीने की एक बच्ची की भी जान चली गई। इस घटना से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है।
भुज-खावड़ा हाईवे पर ट्रक और कार की टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हादसा 21 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। दोनों परिवार कच्छ के प्रसिद्ध रण का भ्रमण करने के बाद कार से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लगे।
मृतकों में तीन मासूम बच्चे शामिल
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। दूसरे परिवार से राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की मौत हुई है।
सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों सेना के जवान भुज में तैनात थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
कच्छ के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।
इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया है। खासकर तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
