कोटा (राजस्थान)। राजस्थान के कोटा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार राजस्थान में धार्मिक यात्रा पर आया हुआ था। परिवार के सदस्य खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार तड़के करीब एक से दो बजे के बीच उनकी क्रूजर गाड़ी शंभूपुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 16 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।
नौ लोगों की मौके पर मौत, आठ घायल
हादसे में नौ लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार महिलाएं और दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे में घायल आठ लोगों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
चालक को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आने के कारण क्रूजर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
ट्रक चालक के अनुसार, वह वाहन में आई खराबी की जांच करने के लिए सड़क किनारे रुका हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर ट्रक से टकरा गई।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार की कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।
