मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोवंडी इलाके में शनिवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह 3:40 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार 28 नवंबर की सुबह करीब 3:40 बजे की है। गोवंडी के शिवाजी नगर रोड नंबर-3 स्थित चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर बने एक कमरे में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में सलमान खान (30), उनकी पत्नी रोशना (29) और उनकी एक वर्षीय बेटी सुबरा फातिमा गंभीर रूप से झुलस गईं। तीनों को तत्काल सायन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
42 मिनट में आग पर पाया काबू
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, आग बिजली के तारों, विद्युत उपकरणों, कपड़ों और दोपहिया वाहन की बैटरी तक सीमित रही। दमकल विभाग ने सुबह 4:22 बजे तक आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग ने इस घटना को लेवल-1 की आग की श्रेणी में रखा था।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग घर के विद्युत उपकरणों और वायरिंग वाले हिस्से तक फैली थी।
