देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर में एक अज्ञात महिला का शव बोरे में बंद मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव को दूसरी जगह लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की शाम करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने जामुनवाला क्षेत्र में कूड़े के ढेर के पास एक संदिग्ध बोरा देखा। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बोरे की जांच करने पर उसके अंदर महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
टैटू से महिला की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है। महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने महिला की तस्वीर और उसके हाथ पर बने टैटू की फोटो सोशल मीडिया पर साझा की है, ताकि उसकी पहचान हो सके।
CCTV फुटेज में दिखी संदिग्ध कार
मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर 17 नवंबर की देर रात एक संदिग्ध कार घटनास्थल के पास से गुजरती दिखाई दी है। पुलिस इस वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।
चार पुलिस टीमों का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों में दर्ज महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जामुनवाला के जंगल में फेंका गया। फिलहाल मृतका की पहचान, हत्या की वजह और इसमें शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
