टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुनि की रेती क्षेत्र के गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कई यात्रियों की जान चली गई और 26 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे बस हरिद्वार से चमोली जिले की ओर जा रही थी। इसी दौरान गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे।
एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम रास्ते और गहरी खाई के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 26 घायल यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को एम्स ऋषिकेश और ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तेज रफ्तार को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद एक घायल यात्री ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। यात्रियों ने चालक से दो-तीन बार गति कम करने के लिए भी कहा था। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जानी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात सुरक्षा, वाहन की गति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
