पौड़ी गढ़वाल। गंगा जैसी जीवनदायिनी नदियों को बचाना है तो उनकी सहायक नदियों, विशेषकर नयार नदी, को बचाना होगा। यह बात राजकीय डिग्री कॉलेज वेदीखाल (पौड़ी गढ़वाल) के जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुशील भदूला ने नयार नदी की पारिस्थितिकी पर किए गए अपने एक वर्ष के शोध के आधार पर कही।डॉ. भदूला वर्ष 2010 से भारत की प्रमुख नदियों पर शोध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने गंगा, सहस्त्रधारा, सोंग और कोसी नदियों की पारिस्थितिकी पर शोध किया है और इन कार्यों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। वर्तमान में वे पूर्वी नयार, खटलगढ़, मछलाड़ तथा अन्य छोटी सहायक नदियों पर शोध कार्य कर रहे हैं।डॉ. भदूला ने बताया कि गंगा की सहायक नदी नयार की जल गुणवत्ता, प्लवक (प्लैंकटन) और मत्स्य विविधता का उन्होंने एक वर्ष तक व्यवस्थित अध्ययन किया। उनके अनुसार किसी भी नदी की सेहत का सही आकलन इन तीनों घटकों से होता है। जल गुणवत्ता नदी की भौतिक-रासायनिक स्थिति बताती है, प्लवक जलीय खाद्य श्रृंखला का आधार हैं और मछलियाँ पूरे जलीय तंत्र की स्थिति का जैविक संकेतक मानी जाती हैं।यह अध्ययन नयार नदी के बैजरो, सतपुली, स्यूंसी और व्यास घाट स्थलों पर किया गया। इन स्थलों पर नियमित अंतराल पर जल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जाँच की गई, प्लवकों का संग्रहण व पहचान की गई तथा मछलियों की विविधता का अध्ययन किया गया।अध्ययन में सामने आया कि इन स्थलों पर जल की गुणवत्ता अच्छी है। हालाँकि डॉ. भदूला ने चेताया कि शहरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि वह नदी में न पहुँचे और भविष्य में जल की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि मछली पकड़ने के हानिकारक तरीकों, जैसे ब्लीचिंग पाउडर और विद्युत करंट आदि के उपयोग को पूरी तरह बंद करना होगा, क्योंकि ये नदी के जलीय जीवों और जैव विविधता को भारी नुकसान पहुँचाते हैं। अध्ययन के दौरान नयार नदी में महाशीर, शाइज़ोथोरैक्स और मेस्टासेम्बेलस जैसी मछलियाँ प्रचुर मात्रा में पाई गईं। ये मछलियाँ हिमालयी नदियों की जैव विविधता और उनके स्वस्थ पारिस्थितिक तंत्र की पहचान मानी जाती हैं। इनका संरक्षण नदी की समग्र सेहत से सीधे जुड़ा है।इस अध्ययन में बी.एससी. के 6 छात्र-छात्राओं ने भी डॉ. भदूला के निर्देशन में नयार नदी पर प्रोजेक्ट कार्य किया। इससे विद्यार्थियों को क्षेत्रीय अध्ययन और नदी की पारिस्थितिकी को नज़दीक से समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला।उन्होंने कहा कि गंगा की सहायक नदी होने के कारण नयार आगे चलकर गंगा के प्रवाह और जल की गुणवत्ता को प्रभावित करती है। यदि सहायक नदियों का पारिस्थितिक तंत्र बिगड़ता है तो उसका सीधा असर मुख्य धारा पर पड़ेगा। इसलिए गंगा संरक्षण की कोई भी योजना तब तक अधूरी रहेगी, जब तक उसकी सहायक नदियों के संरक्षण को प्राथमिकता नहीं दी जाती।डॉ. भदूला ने नदी के संरक्षण के लिए स्थानीय समुदाय, प्रशासन और शैक्षणिक संस्थानों से मिलकर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी में गंदगी और अपशिष्ट डालने पर रोक, नियमित जल गुणवत्ता की निगरानी और जैव विविधता के संरक्षण के लिए जनजागरूकता जरूरी है।
