देहरादून/लखनऊ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित नेटवर्क18 के ‘राइजिंग भारत समिट–नॉर्थ एडिशन’ में राज्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं, रोजगार, बुनियादी ढांचे और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार कनेक्टिविटी, रोजगार और आर्थिक अवसरों को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। इसके साथ ही प्रदेश सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में भी देश में पहले स्थान पर रहा है।
पांच साल में 36 हजार सरकारी भर्तियों का दावा
युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने लगभग 36 हजार सरकारी भर्तियां पूरी की हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल सकें।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 85 प्रतिशत काम पूरा
बुनियादी ढांचे के विकास पर बात करते हुए धामी ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना से पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने दिल्ली से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने वाले नए आर्थिक कॉरिडोर का भी उल्लेख किया।
चारधाम और धार्मिक पर्यटन में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में लगभग 65 लाख श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, 3.5 लाख श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब और करीब 80 हजार लोगों ने आदि कैलाश की यात्रा की। उन्होंने कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बाईपास निर्माण का भी जिक्र किया।
जल सुरक्षा के लिए किशाऊ और सॉन्ग बांध परियोजना
जल संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच इस परियोजना को लेकर समझौता हुआ है। इसके अलावा देहरादून की भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सॉन्ग बांध परियोजना पर भी काम किया जा रहा है।
मदरसा बोर्ड की जगह अल्पसंख्यक बोर्ड
मुख्यमंत्री ने धार्मिक संस्थानों के प्रशासन में किए गए बदलावों की जानकारी देते हुए बताया कि मदरसा बोर्ड की जगह अल्पसंख्यक बोर्ड बनाया गया है, जिसमें सिख सहित अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड में निवेश, स्थानीय रोजगार, पर्यटन, कृषि और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। एप्पल मिशन और कीवी मिशन के माध्यम से बागवानी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
