नागरकोइल (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के नागरकोइल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के खाली कोच में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव चार दिन बाद 18 नवंबर को कोच के अंदर सीट के नीचे मिला। रेलवे पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आधी रात को महिला को खाली कोच में खींचा
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे की है। लगभग 50 से 54 वर्षीय महिला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच के पास अकेली घूम रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन पकड़कर खाली ट्रेन कोच में खींच लिया। आरोप है कि वहां महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
चार दिन तक कोच में पड़ा रहा शव
महिला का शव 18 नवंबर की सुबह रेलवे कर्मचारियों को ट्रेन के दिव्यांग कोच में सीट के नीचे मिला। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। इसके बाद रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद शर्ट और धोती पहने ट्रेन के कोच से उतरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान 31 वर्षीय अय्यप्पन के रूप में की। वह कन्याकुमारी जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस ने 20 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
सोने की अंगूठी से हुई महिला की पहचान
शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में उसके पास मिली सांप की आकृति वाली सोने की अंगूठी पर अंकित BIS हॉलमार्क की मदद से पुलिस गुजरात के थोक विक्रेता तक पहुंची। वहां से मध्य प्रदेश के खुदरा विक्रेता और खरीदारी के दस्तावेजों के जरिए महिला की पहचान उर्मिला मरकाम, निवासी बालाघाट, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। उनकी उम्र 52 से 54 वर्ष बताई गई है।
महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक से विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था, खाली कोचों की निगरानी और रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने रेलवे स्टेशनों और खड़े खाली ट्रेन कोचों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
