वेदीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातक महाविद्यालय, वेदीखाल में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्याख्यान और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता प्राणी विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुशील भदूला ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पारिस्थितिक तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और खाद्य श्रृंखला का संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका होती है।
डॉ. भदूला ने मांसाहारी, शाकाहारी और सर्वाहारी जीवों के व्यवहार में अंतर को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रमुख कारणों में कृषि विस्तार, मानव बस्तियों का बढ़ना, वनों की कटाई और अवैध शिकार को बताया। साथ ही उन्होंने संघर्ष को कम करने के लिए जागरूकता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में तेंदुए और भालू जैसे वन्यजीवों के साथ मानव संघर्ष की घटनाएं चिंता का विषय हैं। जंगलों में भोजन और पानी की उपलब्धता कम होने तथा प्राकृतिक आवास प्रभावित होने के कारण वन्यजीव कई बार मानव बस्तियों की ओर आने लगते हैं। उन्होंने बस्तियों के आसपास लैंटाना जैसी झाड़ियों के बढ़ने को भी वन्यजीवों के छिपने के लिए अनुकूल स्थान बनने का एक कारण बताया।
डॉ. भदूला ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करें तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने के प्रति लोगों को जानकारी दें।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना तिवारी ने कहा कि प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने वन्यजीव सप्ताह में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
वनस्पति विज्ञान की प्राध्यापक डॉ. प्रतिभा ग्वाल ने बताया कि बीएससी और बीए के विद्यार्थियों के लिए वन्यजीवों के महत्व, संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और विषय की समझ का प्रदर्शन किया।
रसायन विज्ञान की प्राध्यापक डॉ. पूजा ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। बीएससी तृतीय सेमेस्टर की ईशा ने प्रथम, मीनाक्षी ने द्वितीय और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. अनुपम त्यागी और डॉ. मनवीर ने निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. गजराज सिंह, डॉ. अनुपम त्यागी, डॉ. राजपाल सिंह चौहान और डॉ. मनवीर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने वन्यजीवों और पर्यावरण के संरक्षण का संकल्प लिया।
