नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में गर्भवती महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।
हादसा करीब दोपहर 3:30 बजे मछली मंडी के पास हुआ। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की सूचना के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य राहत दलों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिनमें आठ घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया।
मृतकों में करीब 21 वर्षीय गुलफसा, जो लगभग चार महीने की गर्भवती थीं, के अलावा दो बच्चे शामिल हैं। एक बच्ची की उम्र करीब 12 वर्ष बताई गई है, जबकि दूसरे बच्चे की उम्र लगभग डेढ़ वर्ष थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत में हाल में दरारें दिखाई दी थीं। अधिकारियों ने भी भूकंप के बाद आई संभावित दरारों को हादसे की वजहों में से एक होने की आशंका जताई है, हालांकि इमारत गिरने का वास्तविक कारण अभी जांच का विषय है।
हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी राहतकर्मियों के साथ मिलकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है।
