हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार, 22 नवंबर को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर मंथन किया जा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है।
65 पार के लक्ष्य पर विशेष जोर
भाजपा ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पार्टी नेतृत्व का जोर लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लिए संगठन को मजबूत करने पर है। इसके लिए प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
सातों मोर्चों को दिया सदस्यता अभियान का लक्ष्य
बैठक के पहले दिन पार्टी के सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। महिला, युवा, किसान, अनुसूचित जाति और अन्य मोर्चों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने की योजना है। इसके अलावा दिसंबर तक जनआशीर्वाद यात्रा और संवाद कार्यक्रमों के आयोजन पर भी चर्चा की जा रही है।
राजनाथ सिंह देंगे कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी को बैठक का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। उनसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने की उम्मीद है।
भाजपा की इस दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रस्तावों के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जा रही है। हरिद्वार में आयोजित यह बैठक उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों का अहम हिस्सा है।
