देहरादून, 19 अक्टूबर। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। एक विश्लेषण रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की मतदाता सूची में करीब 11 लाख 7 हजार 695 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल और प्रवीण उप्रेती द्वारा 17 अक्टूबर को देहरादून प्रेस क्लब में जारी की गई रिपोर्ट ‘SIR और 2022 से 2027 के विधानसभा चुनावों के बीच उत्तराखंड का बदलता मतदाता परिदृश्य’ में यह आंकड़ा सामने आया है।
रिपोर्ट के अनुसार:
- 2022 विधानसभा चुनाव के समय राज्य में कुल मतदाता 82,66,644 थे।
- 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची (SIR के बाद) में यह संख्या घटकर लगभग 71.58 लाख (71,58,949) रह गई है।
- यानी कुल 13.40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2012 से 2022 के बीच राज्य में लगभग 18.89 लाख मतदाता जुड़े थे, ऐसे में अचानक 11 लाख की यह कमी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है और इसके कारणों पर चर्चा जरूरी है।
सबसे ज्यादा असर कहां?
विश्लेषण में बताया गया है कि सबसे बड़ी गिरावट देहरादून जिले में दर्ज की गई है। राजपुर रोड विधानसभा सीट पर तो स्थिति यह है कि वहां मतदाताओं की संख्या बदरीनाथ और केदारनाथ जैसी कम आबादी वाली सीटों से भी कम हो गई है। रिपोर्ट में सिर्फ ज्वालापुर एक ऐसी सीट बताई गई है जहां मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, जबकि 36 विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या में भी गिरावट पर सवाल उठाए गए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि इस बड़ी गिरावट का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाए – कितने नाम मृत होने, पलायन, दोहरी प्रविष्टि या अन्य कारणों से हटाए गए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया है कि Special Intensive Revision (SIR) की ड्राफ्ट लिस्ट 14 जुलाई 2026 को आई थी और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर को फाइनल लिस्ट जारी की गई
