हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में गंगा घाटों पर कारोबार करने वाले लघु व्यापारियों ने अपने रोजगार और आजीविका की सुरक्षा के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग तेज कर दी है। इसी मांग को लेकर मंगलवार को लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में महिला स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों ने ललतारो घाट पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने मांग की कि विष्णु सेतु से ललतारो घाट तक गंगा किनारे वर्षों से फूल-प्रसाद, बिंदी और चूड़ी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले सभी छोटे कारोबारियों को कुंभ मेला-2027 से पहले व्यवस्थित रूप से वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाए।
2018 के सर्वे के आधार पर मिले स्थान
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन की ओर से वर्ष 2018 में गंगा के विभिन्न घाटों पर स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे कराया गया था। उन्होंने मांग की कि सर्वे सूची में शामिल नगर निगम में पंजीकृत सभी रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के तहत रोजगार के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए।
मांग पूरी नहीं हुई तो नगर निगम का होगा घेराव
संजय चोपड़ा ने कहा कि गंगा घाटों पर वर्षों से छोटे कारोबारियों की आजीविका निर्भर है। इसके बावजूद उन्हें अब तक स्थायी और व्यवस्थित कारोबारी स्थान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से पहले सभी पंजीकृत लघु व्यापारियों का पुनर्वास और वेंडिंग जोन में व्यवस्थापन जरूरी है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे संगठित होकर नगर निगम का घेराव करेंगे और आंदोलन तेज करेंगे।
प्रदर्शन में कामिनी मिश्रा, बबीता देवी, इंदिरा देवी, सुनीता चौहान, पुष्पा दास, सुमित्रा, मंजू पाल, सीमा, आशा सहित अनेक महिला स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारी शामिल रहे।
खबर: KhabarDuniya
ताजा और सटीक खबरों के लिए KhabarDuniya को पढ़ें और फॉलो करें।
