देहरादून। उत्तराखंड के नगर निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निकाय कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (DA) देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से पांचवें और छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन एवं भत्ते प्राप्त कर रहे पात्र कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
छठे वेतन आयोग के कर्मचारियों का DA 269 प्रतिशत
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद छठे केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता एक जुलाई 2026 से 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत प्रतिमाह कर दिया गया है। यानी इसमें 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
पांचवें वेतन आयोग वालों को भी राहत
इसी प्रकार पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत प्रतिमाह कर दिया गया है। यह बढ़ी हुई दर भी एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों को भी लाभ
सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य के पात्र स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों को भी मिलेगा। इससे संबंधित कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों के हित में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
