देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हजारों कर्मचारियों और चिकित्सकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने करीब 10 हजार कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए एनएचएम के मिशन निदेशक से एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव मांगा है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार, एनएचएम के तहत कार्यरत डॉक्टरों, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और अन्य संवर्गों के कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
20 से 25 वर्षों से नियमितीकरण की मांग
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 10 हजार कर्मचारी संविदा के आधार पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें कई कर्मचारी पिछले 20 से 25 वर्षों से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। सरकार का मानना है कि इन कर्मचारियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए।
इस संबंध में वित्त और कार्मिक विभाग की बैठकों में एनएचएम की मानव संसाधन नीति (HR Policy) लागू करने पर भी सहमति बनी है। केंद्र सरकार से दिशा-निर्देश मांगे जाने पर राज्य को अपने स्तर पर निर्णय लेने की अनुमति मिलने के बाद नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
हालांकि, कर्मचारियों की नौकरी पक्की करने का अंतिम निर्णय प्रस्ताव की समीक्षा और शासन की मंजूरी के बाद ही होगा।
