देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने ₹1.80 करोड़ का लोन मंजूर कराने के बदले ₹9 लाख की रिश्वत मांगने के आरोप में बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामला बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरानगर शाखा से जुड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) नरेंद्र आर्य तथा नीरज राय शामिल हैं।
₹1.80 करोड़ के लोन पर मांगा 5 प्रतिशत कमीशन
CBI के मुताबिक, क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने अपनी संपत्ति के बदले ₹1.80 करोड़ के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन मंजूर कराने और रकम जारी कराने के एवज में आरोपियों ने कुल लोन राशि का पांच प्रतिशत यानी ₹9 लाख रिश्वत के रूप में मांगे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों को पहले ही ₹2.50 लाख नकद दिए जा चुके थे। इसके बाद शेष ₹6.50 लाख देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
₹50 हजार लेते एजेंट रंगेहाथ गिरफ्तार
मामले में CBI ने 18 नवंबर को जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान डीएसए नरेंद्र आर्य को शिकायतकर्ता से ₹50 हजार नकद रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
इसके बाद कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और दूसरे एजेंट नीरज राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घरों पर छापेमारी, नकदी और दस्तावेज बरामद
गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने तीनों आरोपियों के आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नकदी और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।
मामले में चौथे आरोपी अशरफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फिलहाल CBI मामले की आगे की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद बैंकिंग व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्रोत: CBI की जानकारी एवं मीडिया रिपोर्ट्स।
#Dehradun #CBI #BriberyCase #BankOfBaroda #UttarakhandNews #BreakingNews
