देहरादून। उत्तराखंड में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजधानी देहरादून में 19 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में देश की 17 कंपनियां हिस्सा लेंगी और करीब 1,200 पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी।
इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें 10वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारक युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
13,500 से 32 हजार रुपये तक मिल सकता है वेतन
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी के अनुसार, रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के आधार पर 13,500 रुपये से लेकर 32,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है।
हीरो मोटर में 250 पदों पर भर्ती
तकनीकी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए हीरो मोटर हरिद्वार में 250 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, वेल्डर, फिटर और पेंटर जैसे पद शामिल हैं।
इसके अलावा एस्टमैन में 100 से अधिक, टाटा मोटर में 30, आईपीसीए में 30, आईटीसी में 22, मुनजल शोवा में 12 और टीआई मेडिकल में 10 पदों पर भर्ती की जाएगी।
सुरक्षा गार्ड के 300 पदों पर भी अवसर
रोजगार मेले में सुरक्षा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी। जी-फोर-एस सिक्योर सॉल्यूशन में 200 और क्यू प्लस सिक्योरिटी सर्विसेज में 100 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है।
बैंकिंग और मार्केटिंग क्षेत्र में भी नौकरी
बैंकिंग, सेल्स और मार्केटिंग क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। टैलेंट एक्सपर्ट सॉल्यूशन में 150, आईएसओएन बीपीओ में 100 से अधिक, उत्कर्ष स्मॉल बैंक में 50, पेटीएम में 50, बजाज कैपिटल में 26, स्काई विंग्स एडवाइजर में 10 और नुमैक्स में 50 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आरजी स्टोन हॉस्पिटल की ओर से स्टाफ नर्स और इलेक्ट्रिशियन के 10 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
अभ्यर्थी अपने साथ लेकर जाएं जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने वाले इच्छुक अभ्यर्थी अपना अपडेटेड रिज्यूमे, शैक्षिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अनुभव प्रमाणपत्र (यदि उपलब्ध हो) साथ लेकर जाएं। अभ्यर्थी उत्तराखंड रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
10वीं पास से लेकर उच्च शिक्षित युवाओं तक के लिए आयोजित यह रोजगार मेला प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
