देहरादून। उत्तराखंड ने वर्ष 2026 में पूर्ण साक्षरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार के अनुसार उत्तराखंड उन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शामिल है, जिन्होंने 2024 से 2026 के बीच स्वयं को पूर्ण साक्षर घोषित किया है।
यह उपलब्धि केंद्र सरकार के ULLAS (Understanding of Lifelong Learning for All in Society) कार्यक्रम के तहत वयस्कों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान उपलब्ध कराने के प्रयासों से जुड़ी है। इस अभियान का विशेष जोर उन वयस्कों पर है, जो औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं।
सरकार ने भारत में पूर्ण साक्षरता के लिए 95 प्रतिशत साक्षरता को मानक के रूप में स्वीकार किया है। इस मानक में केवल पढ़ना-लिखना ही नहीं, बल्कि बुनियादी जीवन कौशल तथा वित्तीय और डिजिटल साक्षरता जैसे पहलुओं पर भी जोर दिया जाता है।
PIB के अनुसार 2024 से 2026 के बीच लद्दाख, मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर ने पूर्ण साक्षरता घोषित की है।
उत्तराखंड की इस उपलब्धि को राज्य में शिक्षा के विस्तार और वयस्क साक्षरता अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य देश में सार्वभौमिक साक्षरता को आगे बढ़ाना और शिक्षा के माध्यम से लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक अवसरों से जोड़ना है।
